भारत मंडपम में हंगामा: AI समिट के दौरान युवा कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, प्रधानमंत्री के खिलाफ की नारेबाजी

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में चल रहे अंतरराष्ट्रीय AI समिट के दौरान शुक्रवार को भारी राजनीतिक ड्रामा देखने को मिला। भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरे को धता बताते हुए प्रदर्शनी हॉल के भीतर प्रवेश किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने ‘PM is Compromised’ की तख्तियां लेकर प्रधानमंत्री और सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। इस अचानक हुए प्रदर्शन से समिट में आए देशी-विदेशी मेहमानों के बीच हड़कंप मच गया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ की जा रही नई ट्रेड डील देश की अस्मिता और किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ है। चिब ने आरोप लगाया कि इस समझौते से केवल अमेरिका को फायदा होगा, जबकि भारत के किसान और युवा ठगे जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवा कांग्रेस AI समिट के खिलाफ नहीं है, बल्कि उस ‘समझौते’ के खिलाफ है जो भारत के हितों की कीमत पर किया जा रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जब युवाओं को बेरोजगारी की आग में झोंका जा रहा हो और नफरत की राजनीति की जा रही हो, तब देश का युवा खामोश नहीं बैठ सकता। उन्होंने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़कों पर प्रदर्शन करने से रोका जाता है और आईटी रूल्स (IT Rules) की आड़ में सोशल मीडिया पर सरकार विरोधी पोस्ट हटवा दी जाती हैं। ऐसे में युवाओं के पास अपनी आवाज बुलंद करने के लिए यही रास्ता बचता है।

उदय भानु चिब ने कड़े शब्दों में कहा, “हम महात्मा गांधी के अहिंसा के मार्ग पर चलना जानते हैं, तो जरूरत पड़ने पर सरदार भगत सिंह के दिखाए रास्ते पर भी चल सकते हैं।” उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि 140 करोड़ नागरिकों के इस देश में किसी भी जनविरोधी व्यापार समझौते को स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिसके बाद कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More