संजय झील में हत्या और खिचड़ीपुर में जानलेवा हमला करने वाले तीन हत्यारे गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए महज 24 घंटे के भीतर हत्या और हत्या के प्रयास की दो बड़ी वारदातों को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने मोबाइल लूटने के विरोध पर दो अलग-अलग घटनाओं में चाकू से गोदकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी और दूसरे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल (18), अंश उर्फ किंग (19) और विपिन (21) के रूप में हुई है।

पूर्वी जिले के एडिशनल पुलिस कमिश्नर अभिषेक धनिए ने बताया कि 18 फरवरी की रात गाजीपुर निवासी मोहित शर्मा पर उत्सव ग्राउंड पार्क के पास 4-5 हमलावरों ने चाकू से कई वार किए थे। इसके अगले ही दिन सुबह पांडव नगर की संजय झील में लुक्कू चौधरी उर्फ विक्रम का शव बरामद हुआ, जिसकी चाकू गोदकर हत्या की गई थी। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के विश्लेषण से यह साफ हो गया कि दोनों वारदातों को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है।

एडिशनल डीसीपी ऑपरेशंस संजय कुमार के मार्गदर्शन और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक के नेतृत्व में गठित टीम ने कड़ी मेहनत के बाद आरोपियों के रूट को मैप किया। पुलिस ने पाया कि आरोपियों ने हत्या के बाद मृतक का मोबाइल फोन भी लूट लिया था। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने सबसे पहले साहिल को त्रिलोकपुरी से दबोचा। उसकी निशानदेही पर अंश उर्फ किंग और विपिन को कल्याणपुरी इलाके से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपी रात के समय सुनसान इलाकों में अकेले जा रहे लोगों को निशाना बनाते थे। लूटपाट के दौरान विरोध करने पर ये बेहद क्रूर तरीके से चाकू से हमला करते थे। पुलिस ने इनके पास से वारदातों में इस्तेमाल चाकू और लूटे गए दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More