दिल्ली गेट पर साइकिल रिक्शा यात्री से मोबाइल छिनने वाले झपटमार को चांदनी महल से दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के मध्य जिला पुलिस की दरियागंज थाना टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक झपटमारी के मामले को महज 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने चांदनी महल इलाके में छापेमारी कर एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसने दिल्ली गेट के पास एक यात्री से महंगा मोबाइल फोन छीन लिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया सैमसंग गैलेक्सी S23 अल्ट्रा मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी बरामद कर ली है।

मध्य जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 15 फरवरी की शाम करीब 05:15 बजे एक व्यक्ति अपने दोस्त के साथ साइकिल रिक्शे पर आसफ अली रोड से घाटा मस्जिद की ओर जा रहा था। जब वे दिल्ली गेट ट्रैफिक सिग्नल के पास पहुँचे, तभी स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से सैमसंग का कीमती मोबाइल फोन छीना और राजघाट की ओर फरार हो गए। इस संबंध में थाना दरियागंज में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी दरियागंज कमल शर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी देवेंद्र कौशिक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई प्रियंक राणा, हेड कांस्टेबल संदीप, सुनील और कांस्टेबल राजवीर शामिल थे।

जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल और फरार होने वाले रास्तों के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीसीटीवी विश्लेषण और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध आरोपी चांदनी महल इलाके में मौजूद है। 17 फरवरी को पुलिस टीम ने सटीक जानकारी के आधार पर छापेमारी कर फैजान (22) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी फैजान ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने आसान तरीके से पैसा कमाने के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया था। फैजान स्कूल ड्रॉपआउट है और फिलहाल बेरोजगार है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह एक आदतन अपराधी है और पहले भी आईपी एस्टेट व हौज काजी थानों में दर्ज झपटमारी और चोरी के तीन अन्य मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छीना गया मोबाइल और अपराध में इस्तेमाल स्कूटी जब्त कर ली है। फिलहाल पुलिस फरार सह-आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More