जनकपुरी में बेकाबू कार ने ई-रिक्शा में मारी जोरदार टक्कर, नानी के साथ जा रही मासूम ने अस्पताल में तोड़ा दम

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा के बीच हुई टक्कर ने एक मासूम की जान ले ली। इस दर्दनाक हादसे में अपनी नानी के साथ जा रही 6 वर्षीय बच्ची की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सड़क पर ही पलट गया, जिससे उसमें सवार बच्ची और उसकी नानी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 17 फरवरी की सुबह करीब 07:40 बजे की है। लाजवंती गार्डन निवासी मिसेज मर्सी जेवियर (57) अपनी 6 वर्षीय नातिन के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर जा रही थीं। जैसे ही उनका ई-रिक्शा जनकपुरी स्थित फायर स्टेशन के पास पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया। दोनों घायलों को तत्काल माता चानन देवी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उन्हें बेहतर इलाज के लिए मैक्स अस्पताल, द्वारका रेफर कर दिया गया।

अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही 6 वर्षीय मासूम को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घायल नानी के बयान पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जनकपुरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान संजीव, निवासी गांव माजरा डबास के रूप में की है। पुलिस ने आरोपी को 18 फरवरी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या हादसा कार की ओवरस्पीडिंग के कारण हुआ या कोई अन्य तकनीकी वजह थी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More