पत्नी के मायके जाने से तनाव में था युवक, फंदे पर झूलकर दी जान, छानबीन जारी

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक 30 वर्षीय युवक ने वैवाहिक कलह से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान चांद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जनता कॉलोनी, वेलकम का निवासी था। चांद अपनी पत्नी के साथ चल रहे विवाद के कारण तनाव में था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, चांद पिछले कुछ समय से जाफराबाद की गली नंबर 30/5 में अपने भाई के साथ रह रहा था। गुरुवार दोपहर बाद वह अपने कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। परिजन आनन-फानन में उसे जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, परिवार ने हार नहीं मानी और दूसरी राय के लिए उसे एलएनजेपी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रॉट डेड’ ही करार दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि चांद का अपनी पत्नी के साथ गंभीर वैवाहिक विवाद चल रहा था। विवाद इतना बढ़ गया था कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर अपने मायके चली गई थी। इसी बात को लेकर वह काफी समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। माना जा रहा है कि इसी अवसाद के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।

जाफराबाद थाना पुलिस को एलएनजेपी अस्पताल से घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों और समय की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल, पुलिस मृतक के परिजनों और ससुराल पक्ष से पूछताछ कर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More