सरेराह मोबाइल छीनने वाले गिरोह का भंडाफोड़, हिस्ट्रीशीटर समेत तीन गिरफ्तार, चोरी के वाहन और मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिला पुलिस की बुध विहार थाना टीम ने ‘ऑपरेशन पराक्रम’ के तहत मुस्तैदी दिखाते हुए इलाके के एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर समेत तीन शातिर झपटमारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से छीना गया एक वीवो मोबाइल फोन और चोरी के दो दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिस्ट्रीशीटर शैलेंद्र उर्फ सुरेंद्र, हैप्पी उर्फ मोहित और अजय उर्फ हेतराम के रूप में हुई है। इस गिरोह की गिरफ्तारी से पुलिस ने झपटमारी और चोरी के कुल 5 मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

रोहिणी जिले के एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजीव रंजन ने बताया कि 15 फरवरी को बुध विहार थाने में मोबाइल झपटमारी के संबंध में मामला दर्ज किया गया था। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी प्रशांत विहार अतुल सूद के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी मदन लाल मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में हेड कांस्टेबल विकास सांगवान, मंदीप, राजेश, कुलदीप, राकेश और अनिल दहिया को शामिल किया गया। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से 17 फरवरी को आरोपी हैप्पी और अजय को धर दबोचा।

कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बुध विहार थाने के हिस्ट्रीशीटर शैलेंद्र उर्फ सुरेंद्र के इशारे पर झपटमारी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शैलेंद्र को बुध विहार फेज-2 से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से प्रशांत विहार इलाके से चोरी की गई एक स्कूटी और झपटमारी का मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में शैलेंद्र ने खुलासा किया कि उसने हाल ही में सोवरेन स्कूल, सेक्टर-24 के पास भी झपटमारी की थी, जिसमें उसने अमन विहार से चोरी की गई मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वह मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

आरोपियों का प्रोफाइल खंगालने पर पता चला कि 29 वर्षीय शैलेंद्र बुध विहार थाने का घोषित हिस्ट्रीशीटर है और वह हत्या के प्रयास व चोरी जैसे 17 गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। गिरोह के अन्य सदस्य मोहित उर्फ सोनू और अजय भी पहले चोरी के 3-3 मामलों में शामिल रहे हैं। आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए वारदातों को अंजाम देते थे। फिलहाल पुलिस शैलेंद्र के एक अन्य साथी ‘भिंडी’ की तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More