कर्ज ने बनाया कातिल; ज्योति नगर थाना पुलिस ने सुलझाई महिला मर्डर की मिस्ट्री, नंद नगरी के दो युवक गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले की ज्योति नगर थाना पुलिस ने अमर कॉलोनी इलाके में हुई महिला की ‘ब्लाइंड मर्डर’ की गुत्थी को महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने कर्ज चुकाने के लिए लूट की योजना बनाई थी, जो बाद में हत्या में बदल गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल और लूटे गए जेवरात बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान उमेश (21) और विपिन (22) के रूप में हुई है। दोनों ही आरोपी नंद नगरी इलाके के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन पर भारी कर्ज था, जिसे वे चुका नहीं पा रहे थे। आर्थिक तंगी से बाहर निकलने के लिए उन्होंने लूटपाट की साजिश रची। इसी इरादे से उन्होंने महिला को निशाना बनाया, लेकिन विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी और जेवरात लेकर फरार हो गए।

ज्योति नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वेद प्रकाश के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया। एसीपी गोकलपुरी दीपक चंद्रा की देखरेख में टीम ने सबसे पहले संदिग्ध उमेश को दबोचा। उमेश की निशानदेही पर उसके साथी विपिन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने महिला से लूटे गए गहने भी बरामद कर लिए हैं।

इस अंधे कत्ल को सुलझाने में एसआई देवेंद्र, पंकज, विशाल, संजीव, एएसआई नरेश और हेड कांस्टेबल अनुज, राहुल व कांस्टेबल अनिल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने हत्या और लूट की धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इन दोनों का पहले भी कोई आपराधिक रिकॉर्ड रहा है या इन्होंने किसी और वारदात को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More