दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र से फोन छीनने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी जिला पुलिस की मॉरिस नगर थाना टीम ने पेशेवर और खुफिया पुलिसिंग का परिचय देते हुए एक झपटमारी के मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर झपटमारों और छीना गया मोबाइल खरीदने वाले एक रिसीवर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र से छीना गया सैमसंग मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी बरामद कर ली गई है। पकड़े गए आरोपियों में से एक मॉडल टाउन थाने का घोषित अपराधी है, जबकि दूसरा आरोपी हाल ही में जेल से छूटकर आया था।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि 13 फरवरी की शाम मॉरिस नगर थाने को झपटमारी की सूचना मिली थी। दिल्ली यूनिवर्सिटी से एम.ए. की पढ़ाई कर रहे हिमांशु शेखर मिश्रा ने शिकायत दी कि जब वह पैदल विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन जा रहे थे, तभी मॉल रोड पर नीली स्कूटी सवार दो लड़कों ने उनका मोबाइल छीन लिया और कैवेलरी लेन की ओर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी सिविल लाइंस विकास मीणा के मार्गदर्शन और मॉरिस नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एएसआई जोगिंदर, हेड कांस्टेबल संदीप, हेड कांस्टेबल पुष्पेंद्र और कांस्टेबल निशांत को शामिल किया गया।

जांच के दौरान टीम ने वारदात स्थल और उसके आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में नीली स्कूटी पर दो संदिग्ध भागते हुए नजर आए। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से जाल बिछाया और राजपुरा गुड़ मंडी इलाके से दो संदिग्धों, हरि उर्फ कबूतर और मोहन उर्फ मोनी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने छीना गया फोन राजपुरा में मोबाइल दुकान चलाने वाले सलमान उर्फ अलवी को मात्र 600 रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सलमान को भी गिरफ्तार कर लिया और उसकी दुकान से लूटा गया फोन बरामद किया।

पूछताछ में सामने आया कि 22 वर्षीय हरि उर्फ कबूतर पहले भी 6 मामलों में शामिल रहा है और जनवरी 2026 में ही जेल से बाहर आया था। वहीं, 28 वर्षीय मोहन उर्फ मोनी मॉडल टाउन का घोषित अपराधी है और उस पर लूट व डकैती के 11 मामले दर्ज हैं। ये दोनों नशे की लत को पूरा करने के लिए शाम के समय मोबाइल छीनने की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने पहचान छुपाने के लिए स्कूटी की नंबर प्लेट भी हटा दी थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि इलाके की अन्य वारदातों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More