संजय झील के पास युवक की चाकू घोंपकर हत्या, टॉयलेट के पास लहूलुहान मिला शव

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध संजय झील परिसर में गुरुवार को एक युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान शशि गार्डन निवासी 36 वर्षीय लुक्खा चौधरी उर्फ विक्रम के रूप में हुई है। उसका शव झील के सार्वजनिक शौचालय के पास लहुलुहान हालत में पड़ा मिला। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से सैर करने आए लोगों और स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार (19 फरवरी) को दोपहर के समय सूचना मिली थी कि संजय झील के टॉयलेट एरिया के पास एक व्यक्ति गंभीर और अस्थिर हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही पाण्डव नगर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। मृतक के शरीर पर चाकू से वार के कई गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे स्पष्ट है कि हमलावरों ने उसे संभलने का मौका तक नहीं दिया। मृतक जवाहर मोहल्ला, शशि गार्डन का रहने वाला था।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए जिले की क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को तुरंत मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर वहां से खून के नमूने, पदचिह्न और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश या कोई पुराना विवाद हो सकता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद चोटों की सटीक संख्या का पता चल सकेगा।

पांडव नगर थाना पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई टीमें हमलावरों की पहचान के लिए संजय झील के एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। इसके साथ ही पुलिस मृतक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और उसके पुराने संपर्कों की भी जांच कर रही है ताकि हत्या की असली वजह का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More