एएटीएस टीम ने शातिर ऑटो लिफ्टर को किया गिरफ्तार, चोरी के 6 दोपहिया वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की एएटीएस टीम ने वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इलाके के एक घोषित बैड कैरेक्टर और आदतन अपराधी राजा उर्फ बिहारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 6 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिससे दिल्ली के मॉडल टाउन, आदर्श नगर, सुभाष प्लेस और समयपुर बादली थानों में दर्ज वाहन चोरी के 6 मामलों को सुलझाने का दावा किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से ही हत्या, झपटमारी और चोरी के करीब 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि जिले में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए एसीपी ऑपरेशंस रणजीत ढाका के मार्गदर्शन और एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर जितेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में एसआई रवि सैनी, एएसआई विनोद, एएसआई किरण पाल, हेड कांस्टेबल परमजीत, परविंदर, परवीन, कमल, महिला हेड कांस्टेबल ममता और कांस्टेबल शुभम, ओम प्रकाश, उत्तम, करण, सागर व हरेंद्र शामिल थे। टीम को 16 फरवरी 2026 को एक ऑटो लिफ्टर के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर प्रेम बाड़ी फ्लाईओवर के पास जाल बिछाया गया।

घेराबंदी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोका, जिसकी पहचान वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र निवासी राजा उर्फ बिहारी के रूप में हुई। जांच करने पर उसके पास मौजूद होंडा एविएटर स्कूटी थाना मॉडल टाउन से चोरी की पाई गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे और शराब की लत को पूरा करने के लिए खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाता था। वह चोरी किए गए वाहनों का इस्तेमाल झपटमारी जैसे अन्य अपराधों में भी करता था और बाद में उन्हें औने-पौने दामों में बेच देता था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 5 अन्य चोरी के दोपहिया वाहन (4 स्कूटी और 1 मोटरसाइकिल) भी बरामद किए हैं। 26 वर्षीय राजा उर्फ बिहारी थाना अशोक विहार का घोषित अपराधी है और वह आसानी से पैसा कमाने के लालच में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि चोरी के इन वाहनों को खरीदने वाले अन्य लोग कौन हैं और क्या आरोपी किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More