स्पेशल स्टाफ ने अवैध हथियार के साथ शातिर अपराधी को किया गिरफ्तार, देसी पिस्टल और कारतूस बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने इलाके में सक्रिय अपराधियों और अवैध हथियार लहराकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने ख्याला इलाके से एक शातिर अपराधी को अवैध देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश सहगल उर्फ मोनू के रूप में हुई है, जो पहले भी हत्या के प्रयास, चोरी और मारपीट जैसे करीब 06 गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि सूचीबद्ध अपराधियों और अवैध हथियारों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर भय पैदा करने वाले तत्वों पर नकेल कसने के लिए विशेष निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में एसीपी ऑपरेशंस विजय के मार्गदर्शन और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में एक समर्पित टीम गठित की गई। इस टीम में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर विनोद, मनोज त्यागी, उमेश, हेड कांस्टेबल दीपक और कांस्टेबल दिनेश को शामिल किया गया। टीम ने डिजिटल और मैनुअल इंटेलिजेंस के माध्यम से सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखनी शुरू की।

जांच के दौरान टीम को एक गुप्त सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार के साथ ख्याला के नाला रोड के पास घूमने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने प्रभावी ढंग से जाल बिछाया और मुखबिर की सटीक निशानदेही पर घेराबंदी कर आकाश सहगल उर्फ मोनू को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना ख्याला में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पूछताछ में सामने आया कि 32 वर्षीय आकाश सहगल विष्णु गार्डन इलाके का रहने वाला है और वह एक आदतन अपराधी है। वह इलाके में अपना प्रभाव जमाने के लिए हथियार रखता था। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में होने वाली किसी बड़ी वारदात को समय रहते टाल दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने यह अवैध हथियार कहाँ से प्राप्त किया था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More