‘छोटा हाथी’ में छिपाकर ले जा रहा था चोरी के वाहन, शातिर ऑटो-लिफ्टर गिरफ्तार, तीन वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस की एएटीएस टीम ने वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है जो ‘छोटा हाथी’ (टाटा एस) का इस्तेमाल चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने के लिए कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चोरी का टाटा एस टेम्पो, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम उर्फ पिनाक के रूप में हुई है, जो पहले से ही चोरी के करीब 13 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि जिले में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए एएटीएस टीम को विशेष निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में एसीपी ऑपरेशंस विजय कुमार के मार्गदर्शन और एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में सब-इंस्पेक्टर गजेंद्र माथुर, हेड कांस्टेबल देवेंद्र, कुलदीप, बनवारी लाल और कांस्टेबल मनीष व नवीन शामिल थे। टीम को 17 फरवरी को एक गुप्त सूचना मिली थी कि एक सक्रिय ऑटो-लिफ्टर चोरी का टाटा एस टेम्पो लेकर पंजाबी बाग इलाके से गुजरने वाला है।

सूचना के आधार पर टीम ने पंजाबी बाग सर्विस रोड स्थित मेट्रो पिलर नंबर 168 के पास जाल बिछाया। रात करीब 09:45 बजे एक टाटा एस को आता देख पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देख ड्राइवर ने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क जवानों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। जांच करने पर पता चला कि उक्त टाटा एस टेम्पो दक्षिण रोहिणी थाने से चोरी किया गया था। जब पुलिस ने टेम्पो के पिछले हिस्से की तलाशी ली, तो उसमें एक चोरी की स्कूटी और एक मोटरसाइकिल छिपाकर रखी हुई मिली।

पूछताछ में सामने आया कि 27 वर्षीय आरोपी शिवम उर्फ पिनाक रघुबीर नगर का रहने वाला है और वह एक आदतन अपराधी है। वह वाहनों की चोरी करने के बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए बड़े वाहनों का सहारा लेता था ताकि पुलिस को शक न हो। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने थाना राजौरी गार्डन, हरी नगर और दक्षिण रोहिणी में दर्ज वाहन चोरी के तीन मामलों को सुलझा लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने ये वाहन किसे बेचने के लिए रखे थे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More