जनकपुरी से चुराई स्कूटी और हाथ में अवैध चाकू, मादीपुर में हुआ गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी और बटनदार चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस की मादीपुर चौकी (थाना पंजाबी बाग) की टीम ने एक सराहनीय कार्य करते हुए इलाके के एक कुख्यात लुटेरे और ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित उर्फ केंकर उर्फ कबाड़ी के रूप में हुई है, जो पहले से ही लूट, एनडीपीएस एक्ट और चोरी जैसे करीब 16 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने दिल्ली के अलग-अलग थानों में दर्ज दो आपराधिक मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 18 फरवरी की देर रात करीब 01:35 बजे मादीपुर चौकी के हेड कांस्टेबल सनी और कांस्टेबल संजय इलाके में गश्त पर थे। जब टीम झील वाला पार्क स्थित कूड़ा खट्टा के पास पहुँची, तो उन्होंने एक स्कूटी सवार को पश्चिम पुरी की ओर आते देखा। पुलिस टीम को सामने देख स्कूटी सवार ने अचानक यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की। पुलिस कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत उसका पीछा किया और महज 10-15 कदम की दूरी पर उसे दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ। जब स्कूटी के रिकॉर्ड की जांच जिपनेट के माध्यम से की गई, तो पता चला कि यह स्कूटी 7 जनवरी को थाना जनकपुरी इलाके से चोरी हुई थी। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना पंजाबी बाग में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसीपी पंजाबी बाग शिवम के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी संजय कुमार के नेतृत्व में आरोपी से पूछताछ की गई।

पूछताछ में सामने आया कि 29 वर्षीय आरोपी अंकित उर्फ कबाड़ी मादीपुर की जेजे कॉलोनी का रहने वाला है और वह एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ लूट, चोरी और हथियारों की तस्करी के दर्जनों मामले दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी से थाना पंजाबी बाग में दर्ज आर्म्स एक्ट का मामला और थाना जनकपुरी का वाहन चोरी का मामला सुलझा लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी चोरी की स्कूटी का इस्तेमाल किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए तो नहीं करने वाला था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More