हमले के मामले में लंबे समय से फरार घोषित अपराध गिरफ्तार, एएटीएस वेस्ट की बड़ी कार्रवाई

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस की एएटीएस/पीओ सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कड़ी मशक्कत और तकनीकी सर्विलांस की मदद से दिल्ली के मोरी गेट गोलचक्कर के पास से दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पारस के रूप में हुई है, जिसे अदालत ने मार्च 2024 में भगोड़ा घोषित किया था।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर जिले में सक्रिय भगोड़ों और उद्घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एसीपी ऑपरेशंस विजय सिंह के मार्गदर्शन और एएटीएस इंचार्ज इंस्पेक्टर मुकेश मीणा के नेतृत्व में एक समर्पित टीम गठित की गई। इस टीम में हेड कांस्टेबल प्रदीप, हेड कांस्टेबल राम निवास और हेड कांस्टेबल राज कुमार को शामिल किया गया। टीम को साल 2021 में मुंडका थाने में दर्ज हमले के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को ट्रैक करने का जिम्मा सौंपा गया था।

जांच के दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी पारस, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था, मोरी गेट गोलचक्कर के आसपास आने वाला है। सूचना मिलते ही टीम ने प्रभावी ढंग से जाल बिछाया और मुखबिर की निशानदेही पर घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। आरोपी पारस मूल रूप से बक्करवाला की जेजे कॉलोनी का रहने वाला है और उस पर पहले से ही करीब 04 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, साल 2021 में मुंडका थाने में धारा 324/34 आईपीसी के तहत दर्ज मामले में पारस मुख्य आरोपी था। बार-बार समन और वारंट जारी होने के बावजूद वह अदालत में पेश नहीं हो रहा था, जिसके बाद 19 मार्च 2024 को तीस हजारी कोर्ट के मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट-06 (वेस्ट) ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों में उसकी संलिप्तता का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More