यूपी पुलिस का इंस्पेक्टर अपने ही थाने में घूस लेते गिरफ्तार; 10 हजार की रिश्वत लेते नगर निगम का कर्मचारी भी पकड़ाया

राष्ट्रीय जजमेंट

प्रयागराज: एंटी करप्शन की टीम ने प्रयागराज में बुधवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. भ्रष्टाचार निवारण संगठन, प्रयागराज इकाई ने बारा थाने के प्रभारी निरीक्षक को 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. आरोपी निरीक्षक ने एक मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के एवज में शिकायतकर्ता से रकम मांगी थी.शिकायत के बाद बिछाया गया जाल: भदोही जनपद के सुरियांवा थाना क्षेत्र के लुकमनपुर बीरमपुर निवासी संतोष कुमार दूबे ने 17 फरवरी 2026 को भ्रष्टाचार निवारण संगठन, प्रयागराज इकाई में लिखित शिकायत दी थी. आरोप लगाया कि उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे में एफआर लगाने के नाम पर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सोनकर 75 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं. शिकायत की जांच और पुष्टि के बाद 18 फरवरी 2026 को 15 सदस्यीय टीम का गठन किया गया. टीम का नेतृत्व निरीक्षक मृत्युंजय कुमार मिश्र ने किया.जिस थाने में एसओ उसी में हुई गिरफ्तारी: पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता को रकम के साथ बारा थाने भेजा गया. दोपहर करीब 2.40 बजे जैसे ही आरोपी विनोद कुमार सोनकर ने शिकायतकर्ता से 75 हजार रुपये लिए, टीम ने मौके पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई लोकसेवक साक्षियों की मौजूदगी में की गई. यह सबकुछ इतना सटीक तरीके से किया गया कि इंस्पेक्टर अपने ही थाने में दबोच लिए गए. जब एंटी करप्शन की टीम ने उन्हें रिश्वत की रकम के साथ दबोचा तो वे बगले झांकते रह गए. उनका चेहरा उतर गया. सबकुछ एकदम पानी की तरह साफ था तो चाहकर भी कोई प्रतिरोध दर्ज नहीं करा सके.बता दें कि गिरफ्तार आरोपी विनोद कुमार सोनकर वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के रसूलगढ़ के निवासी हैं और वर्तमान में बारा थाना, यमुनानगर कमिश्नरेट प्रयागराज में प्रभारी निरीक्षक के पद पर तैनात थे. इंस्पेक्टर एंटी करप्शन, प्रयागराज रवींद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना घूरपुर, कमिश्नरेट प्रयागराज में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है. वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस बाबत जानकारी दे दी गई है. आगे विभागीय कार्रवाई भी होगी. भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई अराजपत्रित सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तुरंत शिकायत दर्ज कराएं. संगठन का कहना है कि शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाएगी.नामांतरण की फाइल पर रिपोर्ट लगाने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में नगर निगम के टैक्स कलेक्टर को सतर्कता टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. कार्रवाई एंटी करप्शन की ट्रैप टीम ने की. शिकायतकर्ता राजकुमार यादव ने 17 फरवरी 2026 को सतर्कता अधिष्ठान, प्रयागराज में लिखित शिकायत की थी.उनका आरोप था कि उनकी माता फूलकली देवी के नाम पंजीकृत भवन संख्या 221सी/7बी, गयासुद्दीनपुर के नामांतरण की फाइल नगर निगम में लंबित है.आरोप के मुताबिक, क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक अनूप से ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बाइक शोरूम के बाहर मुलाकात हुई, जहां फाइल पर रिपोर्ट लगाने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की गई. शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय आरोपी को पकड़वाने की इच्छा जताई.पहले सतर्कता टीम ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन किया, जिसमें मामला ट्रैप के लिए सही पाया गया. 18 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 1:45 बजे ट्रांसपोर्ट नगर, थाना धूमनगंज क्षेत्र में गंगा भोजनालय के सामने ट्रैप कार्रवाई की गई. टीम ने अनूप चन्द्र मिश्र, टैक्स कलेक्टर, नगर निगम जोन-6 खुल्दाबाद, प्रयागराज को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More