लड़की के प्रेम विवाह से नाराज थे घरवाले, 2 साल बाद पिता और भाई ने दामाद को चाकुओं से गोद डाला

राष्ट्रीय जजमेंट

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के लालता खेड़ा गांव में सोमवार देर रात एक युवक की उसके ससुराल पक्ष द्वारा कथित तौर पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। युवक ने प्रेम विवाह किया था जिससे युवती का परिवार नाराज बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में ससुर समेत तीन सालों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक नाबालिग भी शामिल है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गर्दन और चेहरे पर चाकू से कई वार की पुष्टि हुई है।विदाई के बहाने रची गई साजिशपीलीभीत के माधव टांडा निवासी राहुल गौतम के अनुसार उसका 24 वर्षीय भाई रामसागर फेरी लगाकर कपड़े बेचता था। कुछ वर्ष पहले कपड़े बेचने के दौरान उसकी पहचान बंथरा क्षेत्र के लोनहा निवासी एक किशोर से हुई। किशोर के घर काकोरी के लालता खेड़ा गांव की रहने वाली उसकी मौसेरी बहन कामिनी का आना-जाना था। इसी दौरान रामसागर और कामिनी के बीच दोस्ती हुई, जो प्रेम संबंध में बदल गई। वर्ष 2024 में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। इस विवाह से युवती के पिता और अन्य परिजन नाराज थे।
परिजनों ने कामिनी की शादी दूसरी जगह तय कर दी थी। यह जानकारी रामसागर को मिल गई थी, जिसका वह विरोध कर रहा था। वह पत्नी की विदाई कराने का लगातार दबाव बना रहा था। आरोप है कि कामिनी के पिता भिम्मा गौतम, भाई सुमित और अमित ने रामसागर को रास्ते से हटाने की साजिश रची। मौसेरे भाई से फोन कराकर उसे लालता खेड़ा गांव के बाहर बुलाया गया। सोमवार रात रामसागर अपने भाई राहुल के साथ वहां पहुंचा। कुछ देर बाद आरोपी मौके पर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी।दौड़ा-दौड़ा कर किया हमलाराहुल के अनुसार आरोपितों ने दोनों भाइयों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। जब राहुल ने भाई को बचाने की कोशिश की तो उसे भी पीटा गया। आरोप है कि सुमित ने रामसागर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। पेट, गर्दन और चेहरे पर कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल रामसागर मौके पर गिर पड़ा। शोर सुनकर ग्रामीण मौके की ओर बढ़े तो आरोपी फरार हो गए।
डेढ़ महीने पहले मायके ले गए थेशादी के बाद कामिनी रामसागर के साथ पीलीभीत में रह रही थी। करीब डेढ़ महीने पहले युवती के माता-पिता उसे यह कहकर मायके ले गए थे कि विधि-विधान से विदाई करेंगे। इसके बाद उस पर पाबंदियां लगा दी गईं और उसे ससुराल भेजने से मना कर दिया गया। हालांकि दोनों के बीच फोन पर बातचीत जारी थी।अस्पताल में मृत घोषितघायल रामसागर को उसके भाई राहुल ने एंबुलेंस से सरोजनी नगर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। थाना काकोरी के इंस्पेक्टर सतीश चंद राठौर ने बताया कि राहुल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More