ट्रक ड्राइवर को नशीला पदार्थ खिलाकर 17 टन मक्का लूटने वाले दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, AVTS-2 की कार्रवाई

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा AVTS-2 की टीम ने ट्रक चालकों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मध्य प्रदेश से पंजाब जा रहे एक ट्रक के चालक और हेल्पर को जहरखुरानी का शिकार बनाकर करीब 17 टन मक्का दाना चोरी कर लिया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मदेव निवासी फतेहपुर बेरी (नई दिल्ली) और आमिर निवासी इटावा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किया गया सारा माल बरामद कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आगरा निवासी कन्हैया लाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका ट्रक 28 जनवरी को लगभग 30 टन मक्का दाना लेकर छपारा (म.प्र.) से पंजाब के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में आगरा और मथुरा के बीच दो अज्ञात व्यक्ति सवारी बनकर ट्रक में बैठ गए। 30/31 जनवरी की दरमियानी रात आरोपियों ने चालक और हेल्पर को नशीला पदार्थ मिला हुआ खाद्य पदार्थ खिला दिया, जिससे वे बेहोश होकर सो गए। इसके बाद आरोपी धर्मदेव खुद ट्रक चलाकर फरीदाबाद के बड़खल एरिया स्थित एक गोदाम में ले गया, जहाँ करीब 17 टन मक्का दाना उतरवा लिया गया और ट्रक को अज़रौंदा के पास लावारिस छोड़कर आरोपी फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा AVTS-2 की टीम ने तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से जाल बिछाया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके से दोनों मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने लूट की इस वारदात की योजना पहले ही बना ली थी और सवारी बनकर ट्रक में दाखिल हुए थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया पूरा 17 टन मक्का दाना बरामद कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी धर्मदेव और आमिर पहले भी इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रहे हैं। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। फरीदाबाद पुलिस ने ट्रक चालकों से अपील की है कि वे रास्ते में किसी भी अनजान व्यक्ति को सवारी के रूप में न बैठाएं और न ही किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा दी गई खाद्य वस्तु का सेवन करें।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More