ऑनलाइन चाकू बेचने वाली कंपनी ‘Blinkit’ पर एफआईआर, भारी मात्रा में हथियार जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला पुलिस ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अवैध हथियारों की बिक्री करने वालों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने क्विक कॉमर्स कंपनी ‘ब्लिंकिट’ द्वारा नियमों का उल्लंघन कर अवैध चाकू बेचने के मामले में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान दिल्ली स्थित विभिन्न स्टोर और गुरुग्राम के वेयरहाउस पर छापेमारी कर कुल 50 अवैध चाकू बरामद किए हैं। यह चाकू सरकारी अधिसूचना द्वारा निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर धड़ल्ले से ऑनलाइन बेचे जा रहे थे।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि पुलिस टीम लगातार उन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की निगरानी कर रही है जो हथियारों या प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री करते हैं। इसी दौरान जांच में पाया गया कि ब्लिंकिट कंपनी अपने ऐप के माध्यम से खतरनाक चाकू बेच रही है। इसकी पुष्टि के लिए पुलिस ने एक ‘डमी’ ग्राहक बनकर ब्लिंकिट ऐप से एक ‘स्टेनली चाकू’ का ऑर्डर दिया। जब चाकू डिलीवर हुआ, तो उसकी जांच की गई। तकनीकी माप के अनुसार, चाकू की ब्लेड की लंबाई 8 सेमी और चौड़ाई 2.5 सेमी पाई गई, जो सरकार द्वारा निर्धारित अधिकतम सीमा (लंबाई 7.62 सेमी और चौड़ाई 1.72 सेमी) से काफी अधिक थी। नियमों के विरुद्ध पाए जाने पर थाना ख्याला में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और 15 फरवरी को दिल्ली के विभिन्न ब्लिंकिट स्टोर्स पर छापेमारी की, जहाँ से 16 अवैध चाकू बरामद हुए। इसके अगले ही दिन 16 फरवरी को पुलिस टीम ने हरियाणा के गुरुग्राम (फरुखनगर) स्थित ब्लिंकिट के मुख्य वेयरहाउस पर छापा मारा, जहाँ से 32 और अवैध चाकू बरामद किए गए। अब तक पुलिस कुल 50 चाकू जब्त कर चुकी है।

डीसीपी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को अवैध हथियारों की बिक्री करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन चाकुओं का सप्लायर कौन था और कंपनी ने बिना मानकों की जांच किए इन्हें अपने प्लेटफॉर्म पर कैसे लिस्ट किया। फिलहाल मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और कंपनी के अधिकारियों से भी पूछताछ की जा सकती है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More