स्वरूप नगर में गवाह को डराने के लिए फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने 2 घंटे में सुलझाई गुत्थी

नई दिल्ली: बाहरी-उत्तरी दिल्ली की स्वरूप नगर थाना पुलिस ने एक सराहनीय कार्य करते हुए फायरिंग की सनसनीखेज वारदात को महज दो घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने खिलाफ चल रहे एक पुराने मामले में गवाह को डराने और गवाही से रोकने के लिए उस पर जानलेवा हमला किया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान केशव उर्फ अभिषेक उर्फ बिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद कर लिया है।

बाहरी-उत्तरी जिले के डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि 16 और 17 फरवरी की दरमियानी रात करीब 12:00 बजे स्वरूप नगर के गंदा नाला स्थित जय श्री राम जूस कॉर्नर के पास फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची, जहाँ शिकायतकर्ता करण उर्फ राहुल ने बताया कि जब वह दुकान बंद कर सिगरेट लेने गया था, तभी स्कूटी सवार अभिषेक उर्फ बिल्ली और दीपक उर्फ लौटा वहां पहुँचे। आरोपियों ने करण को धमकाया कि वह 23 फरवरी को होने वाली गवाही से पीछे हट जाए। विरोध करने पर अभिषेक ने पिस्टल निकालकर करण पर दो गोलियां चला दीं। करण ने बिजली के खंभे के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। वारदात के समय एक अन्य आरोपी आशीष मल्होत्रा भी कार में मौजूद था और वह आरोपियों को उकसा रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी विजय कुमार वत्स के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी आलोक कुमार राजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में सब-इंस्पेक्टर रॉकी, हेड कांस्टेबल शैतान और हेड कांस्टेबल बलिस्टर को शामिल किया गया। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली। पुलिस ने शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए हुलिए और स्कूटी के आधार पर इलाके में घेराबंदी की और महज दो घंटे के भीतर मुख्य आरोपी केशव उर्फ अभिषेक उर्फ बिल्ली को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार बरामद हुआ।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी अभिषेक उर्फ बिल्ली पहले भी गैर-इरादतन हत्या के प्रयास और रात में सेंधमारी जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहा है। वह चाहता था कि शिकायतकर्ता साल 2022 के एक पुराने मामले में अपनी गवाही बदल दे। आरोपी के खिलाफ थाना स्वरूप नगर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली खोखे भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस फरार सह-आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More