सगे मामा की चार दुकानों में सेंधमारी करने वाला आरोपी भांजा गिरफ्तार, एंटी-बर्गरली सेल ने लैपटॉप और नकदी बरामद की

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस की एंटी-बर्गरली सेल ने एक सराहनीय कार्य करते हुए इलाके की विभिन्न मार्केट्स में हुई सिलसिलेवार सेंधमारी की घटनाओं को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में 22 वर्षीय आरोपी पीयूष तुलसवानी को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने सगे मामा की चार दुकानों के शटर तोड़कर वहां से नकदी और कीमती सामान उड़ा लिया था। आरोपी ने बदले की भावना से एक ही दिन में सेक्टर-18, सेक्टर-11, सेक्टर-12 और सेक्टर-4 स्थित कॉन्फेक्शनरी दुकानों को निशाना बनाया था। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया गया एक एचपी (HP) लैपटॉप बरामद कर लिया है।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि 31 जनवरी 2026 को राजापुरी निवासी जीतू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि द्वारका के विभिन्न सेक्टरों में स्थित उनकी चार दुकानों में रात के समय सेंधमारी हुई है। इस संबंध में द्वारका नॉर्थ और साउथ थानों में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत चार अलग-अलग ई-एफआईआर दर्ज की गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस रविंदर अहलावत के मार्गदर्शन और एंटी-बर्गरली सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर विवेक मैंडोला के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में सब-इंस्पेक्टर विनोद, एएसआई राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल अनिल, हेड कांस्टेबल प्रवीण और महिला हेड कांस्टेबल सोनिया शामिल थे।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें शिकायतकर्ता का भांजा पीयूष दुकानों के शटर तोड़ते हुए साफ नजर आया। पुलिस ने पीयूष की तलाश में सफदरजंग, हौज खास, राजापुरी और डाबड़ी इलाकों में कई छापेमारी की। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ रख रहा था। अंततः, 13 फरवरी 2026 को हेड कांस्टेबल अनिल को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी डाबड़ी फ्रूट मंडी आने वाला है। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर उसे वहां से धर दबोचा। शुरुआत में आरोपी ने अपराध से इनकार किया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज दिखाए जाने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पूछताछ में आरोपी पीयूष ने बताया कि उसके पिता की मौत के बाद वह अपने मामा की दुकान पर काम करने लगा था। दुकान से पैसे गबन करने के आरोप में मामा ने उसे काम से निकाल दिया था और उसकी माँ ने भी उसे फटकार लगाई थी। इसी अपमान का बदला लेने के लिए उसने मामा की दुकानों में चोरी करने की साजिश रची। उसने अपने भाई की स्कूटी का इस्तेमाल कर एक ही रात में चारों दुकानों के ताले तोड़े और वहां से नकदी व लैपटॉप लेकर फरार हो गया। आरोपी पीयूष बिंदापुर के विश्वास पार्क का रहने वाला है और 11वीं कक्षा तक पढ़ा है। फिलहाल पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More