7.5 करोड़ की हेरोइन के साथ पति-पत्नी गिरफ्तार, पुलिस को चकमा देने के लिए साथ रखते थे 6 साल का बेटा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ‘फैमिली कवर’ (परिवार की आड़) का इस्तेमाल कर नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पति-पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 1.504 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन (स्मैक) बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए परिवार के साथ टैक्सी में सफर करने का नाटक करते थे ताकि कोई उन पर शक न करे।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी संजीव कुमार यादव ने बताया कि एएनटीएफ की टीम को सूचना मिली थी कि आरिफ नामक व्यक्ति बरेली से भारी मात्रा में हेरोइन लाकर लोनी और दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता है। इस सूचना पर एसीपी सतेंद्र मोहन के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर विकास पन्नू के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एसआई गौरव, हेड कांस्टेबल अमित, हेड कांस्टेबल अनुज, हेड कांस्टेबल नवीन, हेड कांस्टेबल परवीन, महिला हेड कांस्टेबल नीतू और कांस्टेबल हरीश शामिल थे। टीम ने दिल्ली-गाजियाबाद के भोपुरा बॉर्डर पर जाल बिछाया और तकनीकी सर्विलांस के जरिए संदिग्ध वैगन-आर कार को घेर लिया।

कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार आरिफ खान (46) और उसकी पत्नी शिखा अली (30) को दबोच लिया गया। उनके पास से और कार की पिछली सीट पर रखे बैग से कुल 1.310 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरिफ ने खुलासा किया कि वह बरेली के एक ड्रग किंगपिन से माल लेकर आता था। आरिफ ने यह भी बताया कि वह भलस्वा डेयरी निवासी जुम्मन को भी नशा सप्लाई करता है। आरिफ की निशानदेही पर पुलिस ने भलस्वा डेयरी में छापेमारी कर जुम्मन (32) को गिरफ्तार किया और उसके घर से 194 ग्राम अतिरिक्त हेरोइन बरामद की।

जांच में सामने आया कि आरोपी आरिफ स्नातक पास है और पहले गाजीपुर मुर्गा मंडी में अकाउंटेंट था। लॉकडाउन में नौकरी जाने के बाद उसने टैक्सी चलानी शुरू की और बरेली के ड्रग तस्करों के संपर्क में आ गया। उसकी पत्नी शिखा जानबूझकर उसके साथ यात्रा करती थी ताकि पुलिस को लगे कि कोई परिवार सफर कर रहा है और चेकिंग न हो। वहीं, तीसरा आरोपी जुम्मन पेशे से इलेक्ट्रीशियन है और रेलवे लाइन के पास पुड़िया बनाकर नशा बेचता था। पुलिस ने थाना क्राइम ब्रांच में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब इस पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More