डेढ़ साल बाद पीएनबी में लॉकर खोलने पहुंची सास बहु, न टूटा ताला न हुई सेंधमारी, फिर भी जेवरात गायब, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के कीर्ति नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की टैगोर मार्केट शाखा में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला और उसकी सास ने अपने लॉकर से सोने के आभूषण गायब होने का आरोप लगाया। चौंकाने वाली बात यह है कि लॉकर का ताला पूरी तरह सलामत था और बैंक की प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की जबरन एंट्री या तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि आखिर बिना ताला टूटे गहने कहां गए।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार (17 फरवरी) को शिकायतकर्ता महिला अपनी सास के साथ बैंक पहुंची थी। बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत लॉकर खोला गया। लॉकर खुलते ही महिलाओं के होश उड़ गए; उन्होंने दावा किया कि उनके सोने के जेवरात गायब हैं। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार, इस लॉकर को आखिरी बार 5 जुलाई 2024 को ऑपरेट किया गया था। यानी करीब डेढ़ साल बाद जब महिलाएं वापस आईं, तो उन्हें अपना कीमती सामान नहीं मिला।

जैसे ही बैंक लॉकर से सामान गायब होने की खबर फैली, टैगोर मार्केट इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते बैंक परिसर में उन लोगों की भीड़ जमा हो गई जिनके वहां लॉकर हैं। लोग अपने कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर चिंतित होकर उसे चेक करने पहुंचने लगे। हालांकि, बैंक प्रबंधन और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण के दौरान किसी भी अन्य लॉकर के साथ छेड़छाड़ या तोड़फोड़ नहीं पाई गई है। अभी तक किसी अन्य ग्राहक ने ऐसी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

सूचना मिलते ही कीर्ति नगर थाना पुलिस के साथ क्राइम टीम मौके पर पहुंची। टीम ने लॉकर रूम और संबंधित लॉकर का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चूंकि ताला टूटा हुआ नहीं है, इसलिए तकनीकी पहलुओं और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस बैंक कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि रिकॉर्ड के अलावा क्या किसी और ने लॉकर रूम में प्रवेश किया था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More