दिल्ली पुलिस ने 4 घंटे में सुझाई नवजात के अपहरण की गुत्थी, महिला और उसका साथी दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिले की नॉर्थ रोहिणी थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए डॉक्टर बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल से अगवा किए गए तीन दिन के नवजात को मात्र कुछ ही घंटों में सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला और उसके पुरुष साथी को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से उस वक्त दबोचा, जब वे बच्चे को लेकर फरार होने की कोशिश कर रहे थे। मासूम को सकुशल उसकी मां को सौंप दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, नरेला निवासी शाहीन (30) को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 14 फरवरी को उसने बेटे को जन्म दिया। अस्पताल में रुकने के दौरान एक अज्ञात महिला ने शाहीन से मेल-जोल बढ़ाकर उसका भरोसा जीत लिया। मंगलवार तड़के करीब 5 बजे उस महिला ने शाहीन से कहा कि वह बच्चे को गोद में ले लेती है और वह (मां) थोड़ा आराम कर ले। थकान के कारण शाहीन की आंख लग गई और सुबह 8 बजे जब वह जागी, तो बच्चा और महिला दोनों गायब थे। शाहीन के पति, जो पेशे से मजदूर हैं, ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रोहिणी जिला पुलिस ने तत्काल कई टीमें गठित कीं। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस को आरोपियों के भागने के मार्ग का पता चला। पुलिस ने पीछा करते हुए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर आरोपियों की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने मौके से रानी (बदला हुआ नाम, 40 वर्ष) निवासी सिरसपुर, दिल्ली और अहिबरन सक्सेना (20 वर्ष) निवासी उन्नाव, यूपी को गिरफ्तार कर लिया। अहिबरन नोएडा की पत्थर मार्केट में काम करता है।

नॉर्थ रोहिणी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या ये आरोपी किसी बड़े बच्चा चोर गिरोह का हिस्सा हैं या उन्होंने किसी और मंशा से इस वारदात को अंजाम दिया था। अस्पताल की सुरक्षा में हुई इस चूक को लेकर भी प्रशासन सख्त रवैया अपना रहा है। फिलहाल, बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने दिल्ली पुलिस का आभार व्यक्त किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More