नंद नगरी में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक की मौत, हमलावर फरार, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली का नंद नगरी इलाका मंगलवार शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। इलाके के ‘बड़े स्कूल’ के पास अज्ञात हमलावरों ने 35 वर्षीय मोहम्मद उमरदीन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। लहूलुहान हालत में परिजन उसे लेकर गुरु तेग बहादुर अस्पताल भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सरेराह हुई इस हत्या के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7:45 बजे फायरिंग की सूचना मिली थी। हमलावरों ने उमरदीन को उस वक्त निशाना बनाया जब वह स्कूल के पास से गुजर रहा था। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। परिजन घायल उमरदीन को लेकर तुरंत अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां उसकी सांसें थम गईं।

सूचना मिलते ही नंद नगरी थाने की पुलिस टीम के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मौके से कारतूस के खोल और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। क्राइम टीम ने भी इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। नंद नगरी थाना पुलिस ने इस संबंध में हत्या और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मृतक के परिजनों और चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More