पंजाबी बाग में भीषण सड़क हादसा, 24 वर्षीय युवक की मौत, एक की हालात गंभीर

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रिंग रोड फ्लाईओवर पर भारत दर्शन पार्क के ठीक सामने हुआ। दोनों युवक अपनी स्कूटी से रोहिणी लौट रहे थे, तभी उनकी स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि हादसा किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ या स्कूटी अनियंत्रित होकर पलटी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रोहिणी सेक्टर-20 निवासी विजय (24) के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान अमन विहार निवासी मोनू (25) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि विजय और मोनू सुबह करीब 5:30 बजे नारायणा स्थित विजय की बहन के घर पहुंचे थे। वहां करीब आधा घंटा रुकने के बाद दोनों वापस रोहिणी के लिए निकले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां स्कूटी क्षतिग्रस्त हालत में मिली। एम्बुलेंस के जरिए दोनों घायलों को तत्काल आचार्य भिक्षु अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने विजय को ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया। वहीं, मोनू की नाजुक हालत को देखते हुए उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।

सूचना मिलते ही क्राइम टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पंजाबी बाग थाना पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(a) और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फ्लाईओवर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या किसी अज्ञात वाहन ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मारी थी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More