स्पेशल स्टाफ ने कुख्यात अपराधी ‘चेला’ को किया गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने संगठित अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने बाबा हरिदास नगर थाने के घोषित अपराधी राजू कुमार उर्फ राज उर्फ ‘चेला’ को एक अवैध देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी नजफगढ़ के कुख्यात गैंगस्टर सचिन उर्फ भांजा से प्रभावित होकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल हुआ था और अपने रसूख को बढ़ाने के लिए अक्सर दोस्तों को हथियार दिखाकर डराता-धमकाता था। राजू कुमार पहले भी आर्म्स एक्ट और चोरी के करीब 13 गंभीर मामलों में शामिल रहा है।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह के मार्गदर्शन और एसीपी ऑपरेशंस रविंदर अहलावत के पर्यवेक्षण में स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में एक समर्पित टीम का गठन किया गया था। इस टीम में एएसआई रस्मुद्दीन, हेड कांस्टेबल बच्चू सिंह, हेड कांस्टेबल विजेंद्र और हेड कांस्टेबल देव प्रकाश को शामिल किया गया। टीम को अपराधियों पर नकेल कसने और हथियारों की तस्करी रोकने का विशेष जिम्मा सौंपा गया था। इसी क्रम में हेड कांस्टेबल देव प्रकाश को गुप्त सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार के साथ सुरखपुर रोड पर घूम रहा है।

सूचना मिलते ही टीम ने बाबा हरिदास नगर इलाके में सुरखपुर रोड पर जाल बिछाया। मुखबिर की निशानदेही पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना बाबा हरिदास नगर में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर संख्या 66/26 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पूछताछ के दौरान 26 वर्षीय आरोपी राजू कुमार उर्फ चेला ने खुलासा किया कि वह नशे की लत और बुरी आदतों के कारण अपराध की दुनिया में उतरा। जेल में रहने के दौरान उसका संपर्क नजफगढ़ के शातिर गैंगस्टर सचिन उर्फ भांजा से हुआ, जिसके गैंग में वह शामिल होना चाहता था। आरोपी ने बताया कि उसने यह पिस्टल एक मेवाती हथियार सप्लायर से नजफगढ़ की अनाज मंडी के पास खरीदी थी। फिलहाल पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है ताकि हथियारों के मुख्य स्रोत और गैंग के अन्य संपर्कों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More