एंटी नारकोटिक्स सेल ने अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी, 146 पेटियाँ शराब समेत सप्लायर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशे के खिलाफ चल रहे ‘निर्णायक युद्ध’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय शराब सप्लायर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। आरोपी एक सफेद रंग के टाटा ऐस गोल्ड टेम्पो में शराब की तस्करी कर रहा था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। बरामद की गई शराब में कुल 146 पेटियाँ (6500 क्वार्टर और 192 बोतलें) शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय उर्फ सचिन के रूप में हुई है, जो पहले भी चोरी और शराब तस्करी के मामलों में शामिल रहा है।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह के निर्देशों पर नशा मुक्त द्वारका अभियान के तहत एसीपी ऑपरेशंस रविंदर अहलावत के मार्गदर्शन और एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुभाष चंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल जयभगवान, हेड कांस्टेबल विकास और हेड कांस्टेबल महिपाल को शामिल किया गया था। टीम ने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर के प्रवेश द्वारों पर निगरानी बढ़ा दी थी और संदिग्ध वाहनों को ट्रैक करने के लिए गुप्त मुखबिरों को तैनात किया था।

13 फरवरी को टीम को अंतरराज्यीय सप्लायर संजय उर्फ सचिन के बारे में पुख्ता जानकारी मिली। सूचना के आधार पर उत्तम नगर टर्मिनल से काली बस्ती नाला रोड की ओर जाल बिछाया गया। जैसे ही सफेद रंग का टाटा ऐस टेम्पो टर्मिनल की ओर मुड़ा, हेड कांस्टेबल महिपाल और जयभगवान ने अपने वाहन से उसका रास्ता रोक दिया। आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन हेड कांस्टेबल विकास ने पीछे से घेराबंदी कर दी। फिल्मी अंदाज में की गई इस घेराबंदी के कारण आरोपी टेम्पो छोड़कर भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दबोच लिया।

टेम्पो की तलाशी लेने पर उसमें से 146 पेटियाँ अवैध देशी शराब बरामद हुई, जो केवल हरियाणा में बिक्री के लिए मान्य थी। पूछताछ में आरोपी संजय (36) ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है और दिल्ली में ड्राइवर का काम करता था। जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह शराब तस्करी के धंधे में उतर गया। वह सोनीपत के पास हरियाणा बॉर्डर से शराब लाकर द्वारका और रोहिणी के इलाकों में सप्लाई करता था। आरोपी के खिलाफ थाना उत्तम नगर में दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी की दो दिन की रिमांड हासिल की है ताकि सप्लाई चेन के मुख्य स्रोतों और सह-आरोपियों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More