बिंदापुर में नाई की दुकान पर लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, गाजियाबाद के नशा मुक्ति केंद्र से दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस की बिंदापुर थाना टीम ने एक सराहनीय कार्य करते हुए इलाके में हुई एक लूटपाट और हमले की गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी अनिल जिंदल को गाजियाबाद स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शराब के नशे में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर उसका मोबाइल और नकदी लूट ली थी और गिरफ्तारी से बचने के लिए नशा मुक्ति केंद्र में जाकर छिप गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि 2 फरवरी की शाम बिंदापुर थाने को एक पीसीआर कॉल के जरिए लूटपाट की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता राजीव कुमार ने बताया कि वह मंसा राम पार्क स्थित एक नाई की दुकान पर शेविंग कराने गए थे। इसी दौरान दुकान के बाहर खड़ा एक व्यक्ति जोर-जोर से गाली-गलौज कर रहा था। जब राजीव ने इसका विरोध किया, तो वह व्यक्ति आक्रामक हो गया और दुकान के भीतर घुसकर राजीव के सिर पर लाठी से वार कर दिया। इसके बाद आरोपी राजीव का मोबाइल और नकदी छीनकर मौके से फरार हो गया। इस संबंध में बिंदापुर थाने में धारा 309(6)/351(3)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी डाबरी राजकुमार के मार्गदर्शन और बिंदापुर थाना प्रभारी नरेश सांगवान के नेतृत्व में एक ‘क्रैक टीम’ का गठन किया गया। इस टीम में एएसआई कीर्ति, हेड कांस्टेबल नीरज, कांस्टेबल राजेश डोगर और कांस्टेबल संदीप को शामिल किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गुप्त मुखबिरों को तैनात किया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान अनिल जिंदल के रूप में हुई। तकनीकी सर्विलांस के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी वारदात के बाद गाजियाबाद के एक नशा मुक्ति केंद्र में शरण लिए हुए है। पुलिस टीम ने तुरंत वहां छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान 45 वर्षीय आरोपी अनिल जिंदल ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह शराब पीने का आदी है और वारदात के समय भी नशे में धुत था। उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए लूटा हुआ मोबाइल अपने घर की रसोई में छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया है। अनिल जिंदल उत्तम नगर के मंसा राम पार्क का ही रहने वाला है और वह पहले भी एक आपराधिक मामले में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More