क्रिकेट की जीत के जश्न में स्टंटबाजी करना युवक को पड़ा महंगा, राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के मध्य जिला के राजेंद्र नगर थाना पुलिस टीम ने एक सराहनीय कार्य करते हुए न केवल एक खतरनाक स्टंट राइडर को गिरफ्तार किया, बल्कि समय रहते उसे उग्र भीड़ के हमले से बचाकर बड़ी कानून-व्यवस्था की स्थिति को भी टाल दिया। आरोपी युवक क्रिकेट मैच में भारत की जीत का जश्न मनाने के लिए सार्वजनिक सड़क पर जानलेवा स्टंट कर रहा था। पुलिस ने आरोपी की पहचान मोहित शर्मा के रूप में की है और उसकी मोटरसाइकिल को कानून के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया है।

मध्य जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 15 फरवरी की रात करीब 11:30 बजे राजेंद्र नगर थाना पुलिस की टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ओल्ड राजेंद्र नगर के बड़ा बाजार रोड पर एक बाइक सवार बेहद लापरवाही और खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहा है, जिससे राहगीरों की जान को खतरा पैदा हो गया है। सूचना मिलते ही एसआई धर्मेंद्र और कांस्टेबल कुणाल तुरंत मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर बाइक सवार को काबू कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी मोहित शर्मा ने स्वीकार किया कि वह क्रिकेट मैच में भारत की जीत की खुशी और उत्साह में आकर स्टंटबाजी कर रहा था। पुलिस ने पाया कि उसने न केवल सार्वजनिक सुरक्षा की अनदेखी की, बल्कि वह बिना हेलमेट के बाइक चला रहा था, जो मोटर वाहन अधिनियम की धारा 129 का उल्लंघन है। इसी बीच मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए और युवक की इस हरकत से नाराज होकर उसके साथ मारपीट करने की कोशिश करने लगे।

स्थिति को बिगड़ता देख और भीड़ के हिंसक होने की आशंका को भांपते हुए एसआई धर्मेंद्र और कांस्टेबल कुणाल ने बहादुरी का परिचय दिया। उन्होंने ढाल बनकर आरोपी को भीड़ से सुरक्षित निकाला और सूझबूझ से भीड़ को वहां से खदेड़ा। पुलिसकर्मियों की इस पेशेवर और समय पर की गई कार्रवाई ने एक बड़ी अप्रिय घटना को होने से रोक दिया। थाना राजेंद्र नगर में आरोपी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं 184/119/129/177/209/207 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मध्य जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More