जनकपुरी मर्डर केस: अवैध संबंधों के चलते हुई हत्या का भगोड़ा आरोपी गिरफ्तार, जुर्म छिपाने के लिए मेरठ की नहर में फेंकी थी लाश

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एनडीआर टीम ने जनकपुरी इलाके में हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद नसीम उर्फ मोनू (26) के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद के मोहन नगर का रहने वाला है। आरोपी ने अपने जीजा इरफान और अन्य साथियों के साथ मिलकर मोहम्मद कादिर नामक युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी थी और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित जानी नहर में फेंक दिया था। अदालत ने आरोपी को 10 सितंबर 2025 को भगोड़ा घोषित किया था।

डीसीपी क्राइम विक्रम सिंह के निर्देशन और एसीपी उमेश बर्थवाल के पर्यवेक्षण में इंस्पेक्टर विवेक मलिक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। वारदात 1 जून 2025 की है, जब आरोपी इरफान को पता चला कि उसके साथ अस्पताल में काम करने वाले मोहम्मद कादिर के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं। इसी रंजिश के चलते इरफान ने अपने साले मोनू और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर साजिश रची। आरोपियों ने पहले कादिर को शराब पिलाई, जिसमें उन्होंने नींद की गोलियां मिला दी थीं। जब वह बेहोश हो गया, तो आरोपियों ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को मेरठ की नहर में बहा दिया।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी मोहम्मद नसीम उर्फ मोनू पेशे से कैब ड्राइवर है और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। हेड कांस्टेबल घनश्याम ने तकनीकी विश्लेषण के दौरान पाया कि आरोपी ने पुलिस को छकाने के लिए अपने रिश्तेदारों के नाम पर जारी 30 से अधिक सिम कार्ड और कई फोन इस्तेमाल किए। इतना ही नहीं, वह फर्जी आईडी का उपयोग कर कैब चला रहा था ताकि उसकी लोकेशन का पता न चल सके। पुलिस टीम ने कई दिनों तक उसके घर और संभावित ठिकानों पर मैनुअल और तकनीकी निगरानी रखी, लेकिन वह एक बार भी अपने घर नहीं आया।

निरंतर प्रयासों और तकनीकी डेटा के विश्लेषण के बाद पुलिस को आरोपी के सटीक ठिकाने की जानकारी मिली। एसई सम्राट खतियान, अनिल, सुधीर और घनश्याम की टीम ने चिन्हित स्थान पर छापेमारी कर मोनू को सफलतापूर्वक धर दबोचा। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के संभल का रहने वाला है और केवल चौथी कक्षा तक पढ़ा है। दिल्ली पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य कड़ियों और फरार सहयोगियों की तलाश के लिए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More