चाँदनी चौक के गांधी पार्क में पत्थर से सिर कुचलकर की थी युवक की हत्या, कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के कोतवाली थाना पुलिस ने गांधी पार्क, चाँदनी चौक में हुई एक युवक की बेरहमी से हत्या की गुत्थी को महज 5 दिनों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस ‘ब्लाइंड मर्डर’ केस में 24 वर्षीय आरोपी जुनैद खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान के लिए पुलिस ने इलाके के 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और करीब 400 लोगों से सघन पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात के समय पहने हुए खून से सने कपड़े और हत्या में इस्तेमाल किया गया भारी पत्थर बरामद कर लिया है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि 7 फरवरी को कोतवाली पुलिस को गांधी पार्क में एक 20-25 वर्षीय युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक के माथे पर गहरे जख्म थे और वह खून से लथपथ हालत में पड़ा था। मौके पर कोई चश्मदीद गवाह नहीं था और न ही मृतक के पास से कोई पहचान पत्र मिला, जिससे यह मामला पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया था। पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत एफआईआर संख्या 101/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी शंकर बनर्जी और एसएचओ कोतवाली सुमन कुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर ज्ञान प्रकाश (लॉ एंड ऑर्डर) के नेतृत्व में एक समर्पित टीम गठित की गई। इस टीम में सब-इंस्पेक्टर दीपक, सब-इंस्पेक्टर नीरज, हेड कांस्टेबल नरेंद्र, हेड कांस्टेबल प्रदीप, हेड कांस्टेबल दल चंद, कांस्टेबल पूर्ण, कांस्टेबल अमित और कांस्टेबल दिनेश शामिल थे।

जांच के दौरान इस टीम ने चाँदनी चौक, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, फतेहपुरी और शीशगंज गुरुद्वारा जैसे इलाकों के 250 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। कड़ी मशक्कत के बाद एक फुटेज में मृतक एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ हाथ पकड़कर घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने इस सुराग को विकसित किया और स्थानीय मुखबिरों की मदद से संदिग्ध की पहचान जुनैद खान के रूप में की। 12 फरवरी की देर शाम पुलिस टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर जुनैद को चाँदनी चौक की खोया वाली गली के पास से दबोच लिया। उसके पास से वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी जुनैद ने खुलासा किया कि मृतक का नाम ‘कंचा’ था और दोनों पिछले दो साल से दोस्त थे। वारदात की रात दोनों ने साथ में शराब पी थी। जुनैद का आरोप है कि कंचा उससे जबरन ₹500 छीनने की कोशिश कर रहा था और विरोध करने पर उसने जुनैद को धक्का दिया, जिससे उसे चोट लगी। इसी बात से गुस्साए जुनैद ने पहले कंचा को तब तक पीटा जब तक वह बेहोश नहीं हो गया और फिर पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शामली का रहने वाला है। पुलिस अब मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More