बस स्टैंड पर भीड़ का फायदा उठाने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, चाकू और चोरी का मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस की वसंत कुंज नॉर्थ थाना टीम ने इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान किशन उर्फ ढाबा (23) के रूप में हुई है, जो रंगपुरी पहाड़ी की झुग्गियों का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू और छतरपुर मेट्रो स्टेशन से चोरी किया गया एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी पहले भी घर में चोरी के एक गंभीर मामले में संलिप्त रहा है।

डीसीपी अमित गोयल के ने बताया कि महिपालपुर बस स्टैंड जैसे अधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एसीपी वसंत कुंज के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में एएसआई अशोक कौशिक, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, गौरव और कांस्टेबल मिथुन शामिल थे। 13 फरवरी की सुबह करीब 9:30 बजे, जब यह टीम महिपालपुर बस स्टैंड पर तैनात थी, तब उन्होंने एक संदिग्ध युवक को देखा जो बार-बार भीड़ के साथ बस में चढ़ने की कोशिश कर रहा था और फिर तुरंत नीचे उतर जाता था। संदिग्ध की गतिविधियों को देखते हुए पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाई और उसे सफलतापूर्वक दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी किशन के पास से एक बटनदार चाकू और एक मोबाइल फोन मिला। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि यह मोबाइल उसने छतरपुर मेट्रो स्टेशन से चुराया था। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। सघन पूछताछ के दौरान किशन ने खुलासा किया कि वह अक्सर बस स्टैंड और मेट्रो स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देता था और चोरी के फोन किसी भी अनजान व्यक्ति को मात्र 200-300 रुपये में बेच देता था ताकि वह अपने नशे और बुरी आदतों को पूरा कर सके।

आरोपी के प्रोफाइल की जांच करने पर पता चला कि वह वसंत कुंज साउथ थाने के चोरी के एक मामले में पहले भी शामिल रहा है। किशन कभी स्कूल नहीं गया और कम उम्र में ही माता-पिता की देखरेख की कमी और स्थानीय अपराधियों की संगत के कारण अपराध की दुनिया में कदम रख दिया। अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए वह धीरे-धीरे छोटी-मोटी चोरियों से लेकर असामाजिक गतिविधियों में लिप्त हो गया। पुलिस फिलहाल इस मामले में आगे की जांच कर रही है ताकि आरोपी की अन्य संभावित वारदातों में संलिप्तता का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More