सुल्तानपुरी में नशेड़ी पति ने पत्नी की गला घोंटकर की हत्या, मासूम बेटों के सामने तोड़ा दम

नई दिल्ली: दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने मामूली घरेलू विवाद के बाद अपनी 35 वर्षीय पत्नी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। रूह कंपा देने वाली इस घटना के वक्त आरोपी के दो मासूम बेटे भी घर में मौजूद थे, जिन्होंने अपनी मां को पिता के हाथों मरते देखा। पुलिस ने आरोपी पति को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे सुल्तानपुरी के पी-ब्लॉक स्थित एक मकान में झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे के भीतर फर्श पर रखे गद्दे पर 35 वर्षीय महिला ‘S’ का शव पड़ा था और उसके गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था। कमरे में ही आरोपी पति अनिल (39) शराब के नशे में धुत बैठा मिला। पुलिस ने तुरंत महिला को मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस हत्याकांड के सबसे दुखद पहलू आरोपी के दो बेटे हैं। 10 और 13 वर्षीय बच्चों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके पिता ने ही उनकी मां की हत्या की है। बच्चों के मुताबिक, घर में अक्सर क्लेश होता था और शनिवार को नशे में धुत अनिल ने अपना आपा खो दिया और वारदात को अंजाम दे डाला। पुलिस ने बच्चों के बयान और हालात को देखते हुए आरोपी अनिल को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे का कारण घरेलू झगड़ा है। जांच में अब तक किसी अन्य संदिग्ध पहलू या बेवफाई का एंगल सामने नहीं आया है। आरोपी अनिल पंजाबी बाग इलाके में ड्राइवर की नौकरी करता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है और क्राइम टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने हत्या की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More