लॉकर में रखना भूल गए थे सोने-चांदी के गहने, रात में ही चोरों ने कर दिया हाथ साफ

नई दिल्ली: दिल्ली के पॉश इलाके आरके पुरम के सेक्टर-6 स्थित मार्केट में एक ज्वेलरी शॉप को चोरों ने अपना निशाना बनाया है। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात बदमाशों ने दुकान में सेंधमारी कर सोने और चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी केवल उन गहनों की हुई है जिन्हें दुकानदार गलती से ‘स्ट्रांग रूम’ के लॉकर में रखना भूल गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह जब दुकानदार ने सेक्टर-6 स्थित अपनी दुकान खोली, तो वहां सामान बिखरा पड़ा मिला। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात दुकान बढ़ाते समय वह सोने-चांदी के कुछ जेवरात सुरक्षित लॉकर में रखना भूल गए थे। चोरों ने उन्हीं गहनों को निशाना बनाया। राहत की बात यह रही कि दुकान का मुख्य स्ट्रांग रूम और उसमें रखे अन्य कीमती आभूषण सुरक्षित पाए गए हैं।

इतने सुरक्षित माने जाने वाले बाजार में हुई इस चोरी से स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। फिलहाल चोरी हुए सामान की सही कीमत और मात्रा का आकलन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही आरके पुरम थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास की दुकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है ताकि बदमाशों के आने-जाने के रास्ते का सुराग मिल सके।

आरके पुरम थाना पुलिस ने इस संबंध में BNS की धारा 305 और 331(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह किसी ऐसे गिरोह का काम हो सकता है जो बाजार में दुकानों की रेकी करता था। पुलिस पीड़ित दुकानदार और वहां काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More