करावल नगर पुलिस ने दो कुख्यात झपटमारों को दबोचा, चार वारदातें सुलझीं

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले की करावल नगर थाना पुलिस ने इलाके में सक्रिय झपटमारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार कर झपटमारी के चार मामलों को सुलझाने का दावा किया है। इनके कब्जे से छीने गए तीन मोबाइल फोन और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पकड़ा गया एक आरोपी ‘छोटू’ इलाके का घोषित अपराधी है, जिस पर पहले से 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, सात फरवरी को करावल नगर थाना क्षेत्र में मोबाइल झपटमारी की तीन अलग-अलग शिकायतें मिली थीं। वारदातों की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी संजय कुमार रावत के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुशर्रफ अली उर्फ हारून (28) और हसमुद्दीन उर्फ छोटू (34) के रूप में हुई है। मुशर्रफ पुरानी मुस्तफाबाद का रहने वाला है, जबकि हसमुद्दीन शिव विहार इलाके का निवासी है। इनके पास से जो मोटरसाइकिल मिली है, वह दयालपुर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान पूछताछ में इनकी निशानदेही पर दो अन्य छीने गए मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी हसमुद्दीन उर्फ छोटू पेशेवर अपराधी है। उस पर लूट, झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट के 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह जेल से बाहर आने के बाद फिर से गिरोह बनाकर वारदातों को अंजाम देने लगा था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इन लोगों ने हाल के दिनों में और किन-किन इलाकों में मोबाइल छीने हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More