हैदरपुर नहर में मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, सिर, हाथ और पैर काटकर की हत्या

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिले के केएनके मार्ग थाना क्षेत्र में एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। हैदरपुर जल नहर के पहले जाल में एक अज्ञात युवक का बेहद क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है। बेरहम हत्यारों ने युवक की पहचान छिपाने के लिए उसका सिर, दोनों पैर और दोनों हथेलियां काटकर अलग कर दी हैं। पुलिस को नहर के जाल में केवल युवक का धड़ मिला है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस की कई टीमें मृतक की शिनाख्त और आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8:46 बजे एक राहगीर ने नहर में शव होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम उस समय दंग रह गई जब देखा कि शव के मुख्य अंग गायब थे। मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव देखने से प्रतीत होता है कि हत्या एक से दो दिन पहले की गई है। युवक की बाजुओं पर पुराने कट के निशान भी पाए गए हैं, जो उसकी पहचान में अहम कड़ी साबित हो सकते हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले की क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से अंगों को काटकर शव को नहर में फेंक दिया गया। फिलहाल शव को बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

केएनके मार्ग थाना पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238(a) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आसपास के जिलों के थानों से गुमशुदा व्यक्तियों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही, तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों के माध्यम से मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More