ज्योति नगर में ‘चोर-चोर’ का शोर सुन दौड़ी पुलिस, पीछा कर दबोचे तीन कुख्यात लुटेरे

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर थाना इलाके में पुलिस के गश्ती दल ने अदम्य साहस और मुस्तैदी का परिचय देते हुए तीन कुख्यात लुटेरों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शुक्रवार देर शाम एक राहगीर से मोबाइल और नकदी से भरा बटुआ लूटा था और भागने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से लूटा हुआ सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना 13 फरवरी की देर शाम की है। हेड कांस्टेबल राहुल और कांस्टेबल अनिल लोनी रोड गोल चक्कर के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को ‘चोर-चोर’ चिल्लाते हुए तीन लड़कों का पीछा करते देखा। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए बदमाशों का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर तीनों को घेरकर दबोच लिया। इसी बीच पीड़ित बिजेंद्र भी मौके पर पहुंच गया और अपनी आपबीती सुनाई।

पीड़ित ने बताया कि जब वह लोनी की ओर जा रहा था, तभी इन तीनों ने उसे घेर लिया और जबरन उसका मोबाइल फोन व बटुआ छीनकर भागने लगे। पुलिस ने जब पकड़े गए आरोपियों की तलाशी ली, तो बिजेंद्र का मोबाइल और दस्तावेजों वाला बटुआ उनके पास से ही बरामद हो गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ज्योति नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों की पहचान सुरजीत उर्फ ‘हड्डी’ (34), रवि (35) और सचिन पांचाल उर्फ ‘शक्ति’ (36) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी सुरजीत पर चोरी और लूट के 14 मामले, रवि पर 16 मामले और सचिन पर स्नैचिंग व चोरी के 8 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। आरोपी सुरजीत गोकलपुरी इलाके में आवारागर्दी करता था, जबकि अन्य दो आरोपी अमर कॉलोनी और अशोक नगर के रहने वाले हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस गिरोह ने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More