गलत दिशा में बाइक चलाना पड़ा भारी, चेकिंग के दौरान धरा गया शातिर अपराधी, दो बाइक बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन पराक्रम’ के तहत विजय विहार थाना टीम ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान वरुण कुमार झा के रूप में हुई है, जो पहले भी आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है।

रोहिणी जिले में स्नैचिंग, लूट और वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार व्यापक पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एसीपी रोहिणी अतुल सूद के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी मनोहर लाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी।

13 फरवरी को विजय विहार थाने के हेड कांस्टेबल विकास, ओम प्रकाश, कांस्टेबल रिंकू और रविकांत की टीम इलाके में गश्त पर थी। पेट्रोलिंग के दौरान जब टीम लाल क्वार्टर, विजय विहार के पास शमशान घाट रोड पर पहुँची, तो उन्होंने एक संदिग्ध युवक को गलत दिशा से मोटरसाइकिल चलाते हुए देखा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे रोका और पूछताछ शुरू की।

सघन पूछताछ के दौरान युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जब मोटरसाइकिल के रिकॉर्ड की जांच की गई, तो पता चला कि वह थाना बेगमपुर के इलाके से चोरी की गई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी वरुण कुमार झा (25) को तुरंत हिरासत में ले लिया।

आरोपी वरुण कुमार झा की निशानदेही पर पुलिस ने एक और मोटरसाइकिल बरामद की, जो थाना द्वारका नॉर्थ के इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस ने आरोपी के पास से एक हीरो स्प्लेंडर और एक टीवीएस अपाचे बरामद की है। इस गिरफ्तारी से चोरी के कुल तीन मामलों का खुलासा हुआ है।

आरोपी वरुण कुमार झा बुद्ध विहार फेज-2 का रहने वाला है। जांच में सामने आया कि वह एक आदतन अपराधी है और पूर्व में आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह इन चोरी की गाड़ियों का इस्तेमाल किन अन्य वारदातों में करने वाला था। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More