लाहोरी गेट में दुकान का शटर उठाकर चोरी करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, भगवान गणेश की धातु की मूर्ति बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी जिला पुलिस की लाहोरी गेट थाना टीम ने नया बाजार स्थित एक चावल की दुकान में हुई सेंधमारी की वारदात को सुलझाते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई भगवान गणेश की धातु की मूर्ति बरामद कर ली है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद इर्शाद के रूप में हुई है, जो पहले भी चोरी और वाहन चोरी के आधा दर्जन मामलों में संलिप्त रहा है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि रोहिणी सेक्टर-8 निवासी रूबाल अग्रवाल ने 8 फरवरी को थाना लाहोरी गेट में ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि नया बाजार में उनकी चावल की दुकान है। 8 फरवरी की सुबह कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनकी दुकान का शटर उठाकर वहां से एक लैपटॉप, एक इंडक्शन चूल्हा और भगवान गणेश की एक धातु की मूर्ति चोरी कर ली थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी कोतवाली शंकर बनर्जी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी योगेश्वर सिंह के नेतृत्व में एक समर्पित टीम का गठन किया गया। टीम में एसआई कविश राणा, एएसआई कविंदर, हेड कांस्टेबल अमित मलिक और जय चंद शामिल थे। जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें तीन बदमाश दुकान का शटर उठाकर अंदर घुसते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से मिली तस्वीरों को अपने स्थानीय मुखबिरों के साथ साझा किया।

11 फरवरी की सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वारदात में शामिल एक संदिग्ध नया बाजार के बिजली रोड स्थित रेलवे कॉलोनी में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और मोहम्मद इर्शाद (22) को सफलतापूर्वक दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी की गई भगवान गणेश की धातु की मूर्ति बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी इर्शाद ने खुलासा किया कि 8 फरवरी की सुबह वह अपने दो साथियों के साथ नया बाजार इलाके में चोरी के इरादे से घूम रहा था। दुकान का शटर ठीक से लॉक न होने का फायदा उठाकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। इर्शाद सुल्तानपुरी का रहने वाला है और नशे का आदी है। वह अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए छोटी-बड़ी वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी और वाहन चोरी के 06 मामलों में पहले से शामिल है। आरोपी के फरार साथियों और बाकी सामान की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। मामले की आगे की जांच प्रचलित है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More