दिल्ली-एनसीआर का कुख्यात ऑटो-लिफ्टर गिरफ्तार, मारुति कारों को अनलॉक करने के डिवाइस के साथ दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी जिला पुलिस की वजीराबाद थाना टीम ने एक कुख्यात वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जो अपने साथी के साथ मिलकर दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में दुपहिया और चौपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद फैसल के रूप में हुई है, जो पिछले 15-16 सालों से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। पुलिस ने इसके कब्जे से चोरी की दो लग्जरी कारें और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि वजीराबाद निवासी सुमित ने 15 जनवरी को ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 14/15 जनवरी की रात उसने अपनी टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी की थी, जिसे चोरों ने साफ कर दिया। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी बुराड़ी शशिकांत गौड़ के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी प्रशांत आनंद के नेतृत्व में एक समर्पित टीम का गठन किया गया। टीम में एसआई सरताज, हेड कांस्टेबल परमबीर, कांस्टेबल नीरज और वरुण शामिल थे। घटना स्थल पर सीसीटीवी न होने के बावजूद पुलिस ने मुखबिरों का जाल बिछाया। 9 फरवरी की रात पुलिस को सूचना मिली कि दो ऑटो-लिफ्टर हरिजन बस्ती इलाके में चोरी की बाइक पर घूम रहे हैं। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और मोटरसाइकिल पर बैठे मोहम्मद फैसल (30) को दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी फैसल ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी मोहम्मद रफी के साथ मिलकर करीब एक महीने पहले वजीराबाद से यह मोटरसाइकिल चोरी की थी। आरोपी ने खुलासा किया कि वे मारुति कारों को विशेष रूप से निशाना बनाते थे और इसके लिए उनके पास कारों को अनलॉक करने का एक खास डिवाइस रहता था। फैसल की निशानदेही पर पुलिस ने पुश्ता रोड के पास एक पार्किंग से चोरी की दो कारें (बलेनो और ब्रेजा) बरामद कीं, जिन्हें आरोपियों ने हाल ही में सराय रोहिल्ला और रंजीत नगर इलाके से उड़ाया था।

मोहम्मद फैसल मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला है और फिलहाल बृजपुरी में किराए के मकान में रहता है। वह एक आदतन अपराधी है और दिल्ली, एनसीआर व उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में वाहन चोरी के 25 मामलों में शामिल रहा है। उसका फरार साथी मोहम्मद रफी चोरी की गाड़ियों को दूसरे राज्यों में बेचने का काम करता है। आरोपी की गिरफ्तारी से वजीराबाद, सराय रोहिल्ला और रंजीत नगर थानों के तीन बड़े मामले सुलझ गए हैं। फरार आरोपी मोहम्मद रफी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More