शाहबाद डेयरी में युवती को बीच सड़क रोककर पीटा, आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में पड़ोसियों के बीच हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इलाके के अखाड़े के पास एक 24 वर्षीय युवती का रास्ता रोककर दो लोगों ने उसके साथ मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल युवती को महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह केवल पड़ोसियों के बीच का झगड़ा है और इसमें कोई सांप्रदायिक कोण नहीं है।

पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे जब वह अपने घर की ओर जा रही थी, तभी अखाड़े के पास आरोपी मोहम्मद कादिर और उसके पिता रवि अहमद ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर शारीरिक रूप से हमला कर उसे चोटें पहुंचाईं। अस्पताल में युवती की एमएलसी रिपोर्ट में भी मारपीट की पुष्टि हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश थी। कुछ समय पहले आरोपी मोहम्मद कादिर का पीड़िता के भाई हरिया के साथ किसी छोटी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसी रंजिश को पालते हुए आरोपियों ने युवती को निशाना बनाया। शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं (मारपीट, गलत तरीके से रोकना और छेड़छाड़) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने गहन जांच की है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक ही मोहल्ले में रहने वाले दो परिवारों के बीच का आपसी झगड़ा है। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से इसे किसी और नजरिए से देखना गलत है। पुलिस ने दोनों आरोपियों मोहम्मद कादिर (21) और रवि अहमद (52) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इलाके में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More