उत्तम नगर में बुजुर्ग दुकानदार से कैश बैग छीनने की गुत्थी सुलझी, स्पेशल स्टाफ ने मामा, भांजे और प्रेमिका को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने एक बुजुर्ग दुकानदार के साथ हुई सुनियोजित लूट की वारदात को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार/हिरासत में लिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी छोटू कुमार उर्फ अविनाश, उसकी प्रेमिका और एक बाल अपराधी को पकड़ा है। जांच में खुलासा हुआ कि पूरी साजिश दुकानदार के ही कर्मचारी (भांजे) ने अपने सगे मामा और उसकी महिला मित्र के साथ मिलकर रची थी।

डीसीपी द्वारका अंकित सिंह ने बताया कि 7 फरवरी की रात करीब 9:40 बजे एक बुजुर्ग दुकानदार हस्तसाल रोड स्थित अपनी दुकान ‘दिल्ली किराना स्टोर’ बंद कर घर जा रहे थे। इसी दौरान एक पैदल आए लड़के ने उनके हाथ से 30 हजार रुपये से भरा बैग छीना और फरार हो गया। इस संबंध में थाना उत्तम नगर में धारा 304 (2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस रविंदर अहलावत की देखरेख में स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि इस वारदात में दो युवक और एक युवती शामिल हैं। पुलिस ने मटियाला गांव तक इनका पीछा किया, लेकिन वहां कैमरे न होने के कारण सुराग खो गया। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया और डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन शुरू किया।

12 फरवरी को सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक पार्क के कोने में बैठे तीनों संदिग्धों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय छोटू कुमार उर्फ अविनाश और उसकी 21 वर्षीय प्रेमिका के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि उनके साथ शामिल बाल अपराधी उसी दुकानदार की दुकान पर काम करता था। आरोपी मामा (छोटू) को भांजे के जरिए दुकान के कैश लेनदेन की पूरी जानकारी थी।

साजिश के तहत, वारदात वाले दिन तीनों दुकान पर पहुंचे। भांजे के इशारे पर मामा और उसकी प्रेमिका ने दुकानदार की पहचान की। जैसे ही दुकानदार घर के लिए निकला, छोटू ने बैग छीन लिया और तीनों फरार हो गए। लूट के बाद तीनों एक ओयो होटल में रुके, जहाँ उन्होंने लूटी गई रकम से शराब पी, मिठाई खाई और नए मोबाइल फोन व कपड़े खरीदे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात के वक्त पहने हुए कपड़े और लूटे गए पैसों से खरीदे गए मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। आरोपी छोटू मूल रूप से बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है और मटियाला में किराए पर रहकर रिक्शा चलाता था। वहीं, उसकी महिला मित्र स्मैक की आदी बताई जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More