थाना केशव पुरम ने सात वारदातों में शामिल शातिर बदमाश को किया गिरफ्तार, छीना गया मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की केशव पुरम थाना टीम ने इलाके में मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले एक सक्रिय और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अभिनव उर्फ कन्हैया के रूप में हुई है, जो पहले भी लूट और स्नैचिंग के करीब सात मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से पीड़ित का छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

अतिरिक्त आयुक्त पुलिस भीष्म सिंह ने बताया कि बीते 7 फरवरी को थाना केशव पुरम को लॉरेंस रोड स्थित सेवन सीज बैंक्वेट हॉल के पास मोबाइल छीनने की सूचना मिली थी। पीड़ित कृष्ण भगत ने पुलिस को बताया कि दो अज्ञात युवक उसके पास फोन करने का बहाना बनाकर आए और जबरन उसका मोबाइल फोन छीनकर रिंग रोड की ओर फरार हो गए। इस संबंध में पुलिस ने धारा 304(2)/3(5) बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी अशोक विहार आकाश रावत के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी राजीव मलिक के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिसमें हेड कांस्टेबल अनीश और राकेश शामिल थे। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मोबाइल को तकनीकी निगरानी पर लगाया। स्थानीय मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर अभिनव उर्फ कन्हैया (28) को शकूर बस्ती इलाके से धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी अभिनव ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपने साथी शाहिल उर्फ खजूरी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने खुलासा किया कि वह आसानी से और कम समय में पैसा कमाने के लिए अपराध की दुनिया में उतरा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह पहले भी लूट और झपटमारी की सात वारदातों में संलिप्त पाया गया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब इसके फरार साथी शाहिल उर्फ खजूरी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More