थाना कालकाजी ने पैतृक सोने-चांदी के गहनों और नकदी की चोरी के आरोप में घरेलू सहायिका को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी थाना पुलिस ने एक ऐसी घरेलू सहायिका को गिरफ्तार किया है, जिसने विश्वास का गला घोंटते हुए अपने ही मालिक के घर में लाखों की चोरी को अंजाम दिया। आरोपी महिला ने धीरे-धीरे तिजोरी से पुश्तैनी सोने के गहने, चांदी के बर्तन और नकदी साफ कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सवा दो लाख से अधिक की नकदी और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं।

दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि अक्टूबर 2025 में कालकाजी निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बेडरूम की गोदरेज अलमारी के लॉकर से उनकी दिवंगत मां के पैतृक गहने, ₹70,000/- नकद और कीमती सामान गायब हैं। शिकायतकर्ता को अपनी घरेलू सहायिका शिवानी पर शक हुआ, क्योंकि उसकी जीवनशैली में अचानक और अस्पष्ट बदलाव आया था। शिवानी 14 जनवरी 2025 से उनके घर में पूर्णकालिक (फुल-टाइम) मेड के रूप में काम कर रही थी। शिकायत के आधार पर 10 फरवरी 2026 को थाना कालकाजी में एफआईआर संख्या 130/2026, धारा 306 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान महिला उप-निरीक्षक खुशबू ने संदिग्ध शिवानी से गहन और वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की। सघन पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गई और उसने चरणों में (किश्तों में) चोरी करने की बात कबूल कर ली। उसने खुलासा किया कि घर में काम करने के कारण उसके पास कमरों और अलमारी की चाबियों तक आसान पहुंच थी, जिसका उसने दुरुपयोग किया। उसने बहुत ही सावधानी से समय-समय पर गहने और नकदी चुराई ताकि किसी को तुरंत शक न हो।

पूछताछ में आरोपी शिवानी (26) ने बताया कि उसका पति राजू बेरोजगार है, इसलिए घर के खर्च और व्यक्तिगत जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ₹2,24,500/- नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा बरामद जेवरात में एक जोड़ी सोने की चूड़ियां (कंगन), दो सोने की चेन, पांच सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी सोने की बालियां, 42 चांदी के सिक्के, 4 चांदी के बिस्कुट, चांदी का टी-पॉट सेट और भारी मात्रा में चांदी के बर्तन बरामद हुए हैं।

आरोपी शिवानी तुगलकाबाद गांव की रहने वाली है और उसका कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन की पुलिस हिरासत में लिया है। शेष चोरी के सामान का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More