‘तेल गिर रहा है’ कहकर कार रुकवाई और साफ़ कर दिया बैग, पूर्वी जिला स्पेशल स्टाफ ने ठक-ठक गैंग के आरोपी को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ और थाना पांडव नगर की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राजधानी में सक्रिय कुख्यात ‘ठक-ठक’ गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक परिवार की कार को रुकवाकर धोखे से सोने के आभूषणों से भरा बैग चोरी किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सोने का हार, अंगूठियां और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर वाली मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी जिला) अभिषेक धानिया ने बताया कि 6 फरवरी को शिकायतकर्ता विभूति प्रसाद शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जब वह अपने परिवार के साथ कार से जा रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने इशारा किया कि उनकी कार के बोनट से तेल रिस रहा है। जैसे ही वह कार रोककर बोनट चेक करने लगे, आरोपियों ने उनका ध्यान भटकाया और कार के अंदर कोई खुजली या खांसी पैदा करने वाला पदार्थ स्प्रे कर दिया। परिवार के सदस्यों को खांसी होने लगी और वे जैसे ही कार से बाहर निकले, आरोपी जेवरों का बैग लेकर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी संजय सिंह और एसीपी अमनदीप कौर के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ और पांडव नगर पुलिस की दो टीमें गठित की गईं। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी सर्विलांस और जमीनी खुफिया जानकारी के आधार पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार की पहचान की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जाफर (19) निवासी संगम विहार को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़ा गया आरोपी जाफर केवल 9वीं पास है और पहले भी एक आपराधिक मामले में शामिल रहा है। पूछताछ के दौरान उसने कबूल किया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर जल्दी और आसान पैसा कमाने के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया था। जाफर के पास से सोने का कीमती हार और अंगूठियां बरामद हुई हैं।

पुलिस अब जाफर के फरार साथी की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गैंग ने दिल्ली-एनसीआर में और कितनी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि सड़क पर चलते समय किसी अनजान व्यक्ति के इशारे पर कार न रोकें और सतर्क रहें।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More