एनएच-24 पर डिवाइडर से टकराकर फुटपाथ पर चढ़ी स्कॉर्पियो, बुजुर्ग को रौंदा, आरोपी चालक गिरफ्तार

नई दिल्ली: नेशनल हाईवे-24 (NH-24) पर शनिवार तड़के रफ्तार का जानलेवा तांडव देखने को मिला। गाजीपुर गांव के पास सर्विस रोड पर एक बेकाबू स्कॉर्पियो कार डिवाइडर से टकराने के बाद फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां से गुजर रहे एक 76 वर्षीय बुजुर्ग को कुचल दिया। इस हृदयविदारक हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। घटना स्थल को लेकर शुरू में कुछ संशय रहा, जिसके चलते पीसीआर कॉल पहले गाजीपुर थाना को दी गई, लेकिन बाद में मामला पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र का पाए जाने पर केस वहां स्थानांतरित कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पाइक करमई (76) के रूप में हुई है। मूल रूप से पश्चिम बंगाल के निवासी पाइक वर्तमान में गाजीपुर गांव में रहते थे और पास की फूल मंडी में मजदूरी करते थे। शनिवार सुबह करीब 6 बजे वह अपने दो साथियों के साथ मंडी जा रहे थे। जब वे पेट्रोल पंप के पास फुटपाथ पर पहुंचे, तभी नोएडा की ओर से आ रही एक काले रंग की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर फांदती हुई उन पर चढ़ गई।

हादसे के बाद आरोपी चालक श्रेय कुमार (26) को मौके पर ही लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। श्रेय नोएडा का रहने वाला बताया जा रहा है। चश्मदीदों के मुताबिक, कार में कुछ अन्य युवक भी सवार थे जो हादसे के तुरंत बाद अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। बुजुर्ग के शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा गया है।

पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या चालक नशे में था या उसे झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More