FRS टेक्नोलॉजी से खुला बंद मकान की सेंधमारी का राज, पुलिस ने दबोचा शातिर चोर और सोना खरीदने वाला जौहरी

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला अंतर्गत थाना डीबीजी रोड की टीम ने अत्याधुनिक फेशियल रिकग्निशन सिस्टम तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए करोल बाग इलाके में हुई एक बड़ी सेंधमारी की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी और शातिर चोर अब्दुल नफीस (30) के साथ-साथ चोरी के जेवर खरीदने वाले जौहरी मनोज कुमार वर्मा (50) को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 3 सोने की अंगूठियां, 18 चांदी के सिक्के, चांदी की पायल और चांदी की तगड़ी बरामद की गई है। इस गिरोह ने करोल बाग के डोरीवालान इलाके में एक ट्रेवल व्यवसायी के घर को तब निशाना बनाया था, जब वह परिवार सहित एक समारोह में शामिल होने हरियाणा गए हुए थे।

डीसीपी सेंट्रल अनंत मित्तल ने बताया कि घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित परिवार ने 18 जनवरी को घर लौटने पर अलमारी के ताले टूटे हुए और घर से करीब 15 तोले सोना, चांदी के सिक्के और ₹1.5 लाख कैश गायब पाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी पहाड़गंज सौरभ ए. नरेंद्र के मार्गदर्शन में चौकी इंचार्ज सीधीपुरा एसआई सुमित सिंह की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। करीब सात दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को चांदनी चौक और पुराने रेलवे स्टेशन के पास एक फुटेज मिली, जिसमें संदिग्ध आरोपी अपना हेलमेट उतारते हुए नजर आया। पुलिस ने इस धुंधले चेहरे को फेशियल रिकग्निशन सिस्टम सॉफ्टवेयर में डाला, जिससे आरोपी की पहचान ‘अब्दुल नफीस’ के रूप में पुख्ता हो गई।

पहचान होने के बाद तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी अब्दुल नफीस को न्यू सीलमपुर इलाके से धर दबोचा। पूछताछ में नफीस ने कबूल किया कि उसने अपने फरार साथी नसीम के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था। उसने यह भी बताया कि चोरी किए गए गहनों को उसने मौजपुर निवासी जौहरी मनोज कुमार वर्मा को बेच दिया था। नफीस की निशानदेही पर पुलिस ने जौहरी के ठिकाने पर छापेमारी की, जहां से चोरी का माल बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि मुख्य चोर नफीस पर पहले से ही हत्या के प्रयास और लूट जैसे 7 गंभीर मामले दर्ज हैं, वहीं जौहरी मनोज वर्मा भी पूर्व में चोरी का माल खरीदने के 5 मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी नसीम की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More