इलाके में दबदबा बनाने के लिए अवैध पिस्टल लेकर घूम रहा घोषित अपराधी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के मध्य जिला पुलिस के थाना आनंद पर्वत की पेट्रोलिंग टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इलाके के एक घोषित बदमाश को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने और खौफ पैदा करने के इरादे से हथियार लेकर घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

सेंट्रल जिला डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 11 फरवरी को कांस्टेबल रवि और कांस्टेबल टीका राम नेहरू नगर इलाके में नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने एक युवक को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा। पुलिसकर्मियों ने जब उसे रोककर उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से एक अवैध देशी पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए। आरोपी की पहचान जतिन उर्फ देव (24), निवासी नेहरू नगर के रूप में हुई है, जो आनंद पर्वत थाने का घोषित अपराधी है।

सघन पूछताछ के दौरान आरोपी जतिन ने बताया कि वह इलाके में अपना दबदबा दिखाने के लिए हथियार साथ रखता था। उसने दावा किया कि यह पिस्तौल उसे जखीरा झुग्गी इलाके में लावारिस हालत में मिली थी, जिसे उसने अपने पास रख लिया। हालांकि, पुलिस उसके इन दावों की सच्चाई खंगाल रही है।

गिरफ्तार आरोपी जतिन का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह पहले भी हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट के कई गंभीर मामलों में शामिल रहा है। पटेल नगर और सुल्तानपुरी जैसे थानों में उसके खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत नई एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More