आनंद पर्वत में सट्टेबाज का उड़ा ‘चिड़िया-कबूतर’, पुलिस ने अड्डे पर मारा छापा, नकदी और चार्ट के साथ आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के मध्य जिला पुलिस के थाना आनंद पर्वत की टीम ने इलाके में चल रहे संगठित अवैध सट्टेबाजी के नेटवर्क पर कड़ा प्रहार करते हुए ‘चिड़िया-कबूतर’ सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ट्रांजिट कैंप इलाके में चल रहे एक अवैध सट्टे के अड्डे पर छापेमारी कर एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने ₹17,580 की नकदी, सट्टा पर्चियां और सट्टेबाजी का चार्ट बरामद किया है।

सेंट्रल जिला डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि जिले की एंटी नारकोटिक्स सेल द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान आनंद पर्वत के ट्रांजिट कैंप में सट्टा रैकेट सक्रिय होने की पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसआई मोनू चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से चिन्हित स्थान पर छापेमारी की, जहां अवैध सट्टेबाजी का खेल धड़ल्ले से चल रहा था।

पुलिस ने मौके से शहजाद (33), निवासी ट्रांजिट कैंप, आनंद पर्वत को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से ₹17,580 की नकदी बरामद हुई, जो सट्टेबाजी के जरिए इकट्ठा की गई थी। इसके अलावा, पुलिस ने मौके से सट्टा पर्चियां, स्लिप पैड, पेन और ‘चिड़िया-कबूतर’ सट्टे से जुड़ा बैटिंग चार्ट भी जब्त किया है।

इस संबंध में थाना आनंद पर्वत में दिल्ली जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस सट्टा रैकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और इस अवैध धंधे में शहजाद के साथ अन्य कौन लोग शामिल हैं। सेंट्रल जिला पुलिस ने साफ किया है कि इलाके में किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More