चोरी के दो दिन के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी, टैबलेट और नकदी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस के थाना किशनगढ़ की टीम ने मुनिरका गांव में हुई चोरी की एक वारदात को महज 48 घंटों के भीतर सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पूरन गुरांग (26) व जय सुभा (23) निवासी दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल और तनुज दत्ता (23) निवासी जोरहाट, असम के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी किया गया सैमसंग टैबलेट, इलेक्ट्रिक इंडक्शन, बर्तन और नकदी बरामद कर ली है।

साउथ-वेस्ट जिला डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि 11 फरवरी को मुनिरका गांव की एक महिला ने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, चोरों ने उनके घर से सैमसंग गैलेक्सी टैबलेट, इंडक्शन, कपड़े, बर्तन और करीब ₹3230 की नकदी पार कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी मेल्विन वर्गीस के पर्यवेक्षण और एसएचओ अजय कुमार यादव के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल मुकेश, सुभाष और कांस्टेबल संदीप की एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली। स्थानीय मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी सुरागों के आधार पर 12 फरवरी को पुलिस ने तीनों संदिग्धों को चिन्हित कर दबोच लिया। गहन पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और उनकी निशानदेही पर चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपी दिल्ली में रहकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। फिलहाल पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह गिरोह इलाके में हुई अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More